
नदी की धार चट्टानों पै जब आकर झरी होगी !
तभी से आदमी ने बाँध की साजिश रची होगी !!
तुझे देवी बनाया और पत्थर कर दिया तुझको !
तरेगी भी अहिल्या तो चरण रज राम की होगी !!
मरुस्थल में तुम्हारा हाल तो उस बूँद जैसा है !
जिसे गुल पी गए होंगे जो काँटों से बची होगी !!
कहीं पर निर्वसन है और निर्वासन कहीं पर है !
नहीं कुछ फर्क है, तू द्रोपदी या जानकी होगी !!
धुएँ को देखनेवालो ,ज़रा सा गौर से देखो !
यहीं पर आँच भी होगी , यहीं थोड़ी नमी होगी !!
तुम्हारी शख्सियत अंधों के हाथों मे रही हरदम !
मिठासों की कहानी है जो गूंगे ने कही होगी !!
No comments:
Post a Comment